मध्य प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप देखा जा रहा है। तेज धूप और चिलचिलाती गर्मी ने लोगों का दोपहर में घर से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है। अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है, जिससे गर्मी की स्थिति और भी गंभीर होती जा रही है। वहीं, आने वाले दिनों में प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार जल्द ही कई जिलों में बारिश के आसार बन रहे हैं, जिससे तापमान में गिरावट हो सकती है।
कब और कहां होगी बारिश?
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 3 और 4 अप्रैल को प्रदेश के कई जिलों में बारिश हो सकती है। भोपाल, उज्जैन, अलीराजपुर, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, बेतूल, हरदा, सिवनी और ग्वालियर-चंबल संभाग में बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चलेंगी और ओले गिरने की भी संभावना है। अचानक होने वाली इस बारिश से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिलेगी, लेकिन इसके बाद तापमान फिर से तेजी से बढ़ सकता है।
इसे भी पढ़ें- मध्य प्रदेश सरकार की सौगात, सात लाख कर्मचारियों का बढ़ा भत्ता, केंद्र के मुकाबले अब भी कम
क्यों बदलेगा मौसम?
प्रदेश में मौसम के इस बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ मुख्य कारण बताया जा रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तेज हवाओं के साथ बादल छाने लगेंगे और बारिश का दौर शुरू होगा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह प्रभाव दो दिनों तक देखने को मिलेगा, जिससे कुछ जिलों में तापमान सामान्य से नीचे जा सकता है। हालांकि, अप्रैल के दूसरे सप्ताह से गर्मी दोबारा अपना असर दिखाने लगेगी और कई जिलों में लू की स्थिति बनने की संभावना है।
इसे भी पढ़ें- MPPSC की मुख्य परीक्षा पर हाईकोर्ट ने लगाई रोक, ये निर्देश दिए
बारिश के बाद भी बढ़ेगी गर्मी
बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिलेगी, लेकिन यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं रहने वाली है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश के बाद गर्मी और अधिक बढ़ सकती है। अप्रैल का दूसरा हफ्ता शुरू होते ही प्रदेश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ने लगेगी, जिससे लू की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इस दौरान तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर पहुंच सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से और अधिक परेशानी होगी।