मध्य प्रदेश में चक्रवात, द्रोणिका और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 4 अप्रैल तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना बनी हुई है। विशेष रूप से नर्मदापुरम, इंदौर, जबलपुर और भोपाल संभाग में बुधवार और गुरुवार को बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ इलाकों में ओले गिरने और तेज आंधी चलने की भी संभावना है।
नए पश्चिमी विक्षोभ से ग्वालियर और चंबल संभाग भी प्रभावित
गुरुवार से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे ग्वालियर और चंबल संभाग में भी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में भी बादल, गरज-चमक और बारिश की चेतावनी जारी की है।
इसे भी पढ़ें- मोटोरोला Moto Edge 60 Fusion जल्द होगा लॉन्च, जानें पूरी डिटेल
तापमान में गिरावट, पचमढ़ी में सबसे गर्म दिन
मौसम में बदलाव के कारण प्रदेश के कुछ हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को सीधी का न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि पचमढ़ी में रात का तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, धार में दिन का तापमान सबसे अधिक 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटों में कहां-कितनी बारिश हुई?
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। मंगलवार सुबह साढ़े 8 बजे तक बैतूल के भैंसदेही में 0.2 मिमी, हरदा के रहटगांव में 0.1 मिमी और सीहोर के आष्टा में 0.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। दक्षिणी मध्य प्रदेश के कई शहरों में बूंदाबांदी भी हुई।
मध्य प्रदेश में मौसम पूर्वानुमान: चक्रवात और द्रोणिका का प्रभाव
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में मध्य महाराष्ट्र और उसके आसपास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है। इसके अलावा, दक्षिणी छत्तीसगढ़ से लेकर मध्य महाराष्ट्र तक एक द्रोणिका सक्रिय है। वहीं, मध्य महाराष्ट्र पर बने चक्रवात से लेकर कर्नाटक और तमिलनाडु तक भी एक द्रोणिका फैली हुई है। इन प्रणालियों के प्रभाव से हवाओं में नमी बनी हुई है, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश के आसार बने हुए हैं।
इसे भी पढ़ें- सिर्फ 1 लाख में घर लाएं मारुती की Wagon R CNG, जानें EMI की पूरी जानकारी और खूबियां
अगले 72 घंटे के लिए अलर्ट जारी
प्रदेश के विभिन्न जिलों में अगले 72 घंटों के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
1- अप्रैल, बुधवार: इंदौर, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, सिवनी, पांढुर्णा में बारिश और ओले गिरने की संभावना है। वहीं, रायसेन, सीहोर, उमरिया, शहडोल, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड में तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।
2- अप्रैल, गुरुवार: नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट और मंडला में ओले गिर सकते हैं। वहीं, ग्वालियर, भिंड, दतिया, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, राजगढ़, विदिशा, रायसेन, हरदा, डिंडोरी, अनूपपुर, शहडोल, पन्ना और सतना में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज आंधी की संभावना है।
3- अप्रैल, शुक्रवार: सिवनी में ओले गिरने की संभावना जताई गई है। वहीं, मंडला और बालाघाट में तेज आंधी चल सकती है।